Home Uncategorized विवादित चौपाटी आखिरकार चौपट..,आमानाका ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट

विवादित चौपाटी आखिरकार चौपट..,आमानाका ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट

0

रायपुर। आखिरकार शुरु से विवादित रहे साइंस कालेज मैदान के सामने संचालित हो रहे चौपाटी को आज सुबह निगम प्रशासन ने खाली करवा दिया। चौपाटी में संचालित लगभग 60 दुकानों को यहां से हटाकर आमानाका ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए नगर निगम के सभी जोन की टीम लगाई गई है, जिसमें मौके पर रायपुर एसडीएम नंदकुमार चौबे समेत सभी जोन के कमिश्नर, पुलिस बल और बड़ी संख्या में अमला मौजूद रहे। उधर कारोबारियों के साथ पूर्व विधायक विकास उपाध्याय व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम आकाश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसी विरोध करते रहे। जब वे क्रेन के सामने जमीन पर सो गए तो पुलिस ने बल ने उन्हे उठाकर जेल भेज दिया। वहीं रेलवे ने व्यवस्थापित कर रही जगह पर अपना हक बताया है,लेकिन निगम अधिकारियों का कहना है कि उनकी बात हो गई है और मामला सुलझ गया है। बहरहाल पूरे इलाके में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा।

बता दें यह चौपाटी जब शुरु हो रहा था तब वर्तमान विधायक राजेश मूणत ने इसका इसलिए विरोध किया था यहां आसपास के पूरे इलाके में शैक्षणिक हब है और इस चौपाटी से बच्चों की आवाजाही व पढ़ाई के साथ माहौल भी खराब हो रहा है इसलिए इसे न बसाया जाए तब कांग्रेस की सरकार व तत्कालीन महापौर ने अनसुनी करते हुए इसे शुरु करवा दिया था। इसके आवंटन को लेकर धांधली होने के आरोप भी लगते रहे। वहीं सबसे बड़ी बात शाम होते ही इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतारें सड़कों पर कहीं भी लगा दी जाती थी जिससे आने जाने वालों को काफी परेशानी भी होती,अब नई बसाहट के बाद चौपाटी फिर से गुलजार हो पाता है या 60 लोगों का धंधा चौपट,देखना होगा।