
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस बार खास होने वाला है, क्योंकि यह पहली बार नवा रायपुर में बनी नई विधानसभा बिल्डिंग में होने जा रहा है। यह सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा जिसमें विधायकों ने सत्र के लिए कुल 628 सवाल सबमिट किए हैं, जिनमें से 604 सवाल ऑनलाइन और 24 सवाल ऑफलाइन सबमिट किए गए हैं। ये सवाल मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था, धान खरीद में दिक्कतें, खराब सड़कें, राशन डिस्ट्रीब्यूशन और एडमिनिस्ट्रेटिव गड़बडिय़ों जैसे मुद्दों से जुड़े हैं।
14 दिसंबर को सत्र का पहला दिन होगा और इस दिन प्रश्नकाल नहीं होगा। इसकी जगह राज्य सरकार के दीर्घकालिक विकास रोडमैप छत्तीसगढ़ विज़न 2047 पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके बाद सोमवार से बुधवार तक सामान्य कार्यवाही चलेगी, जिसमें प्रश्नकाल और अन्य विधायी कार्य शामिल रहेंगे।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के मद्देनजर शनिवार और रविवार की छुट्टी रद्द
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के मद्देनजर शनिवार और रविवार की छुट्टी रद्द कर दी गई है, इसके साथ विधानसभा में विधायकों द्वारा रखे गए सवालों का जवाब निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से तमाम संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया गया है कि विधानसभा के प्रश्नों का उत्तर निर्धारित समय पर तैयार करने के लिए कार्यालयों को शनिवार और रविवार को भी खुला रखा जाए।