Home छत्तीसगढ़ दुर्ग सेंट्रल जेल में रियल स्टेट कारोबारियों से मिले विधायक देवेंद्र यादव

दुर्ग सेंट्रल जेल में रियल स्टेट कारोबारियों से मिले विधायक देवेंद्र यादव

0

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में रियल स्टेट गाइडलाइन की दरों में इजाफा किया गया है। इसे लेकर पूरे पूदेश में विरोध हो रहा है। पूरे प्रदेश में रियल स्टेट कारोबारी इसका विरोध कर रहे हैं। बीते 1 दिसंबर को दुर्ग भिलाई में रियल स्टेट कारोबारियों की तरफ से सरकार के इस फैसले का विरोध किया गया। बिना अनुमति के दुर्ग में सड़क मार्ग को रोके जाने के आरोप में रियल स्टेट कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया। इन काराबोरियों से दुर्ग के विधायक देवेंद्र यादव ने 5 दिसंबर शुक्रवार को मुलाकात की है।
दुर्ग सेंट्रल जेल में बंद रियल स्टेट कारोबारियों से मुलाकात के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि युवा कारोबारियों को पुलिस ने जबरन गिरफ्तार किया है। युवक अपनी संपत्ति लगाकर छोटा-सा व्यवसाय चला रहे थे, लेकिन शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान उन पर लाठीचार्ज किया गया।नौ लोगों पर गलत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है और अन्य आरोपी लिखकर कई लोगों को नोटिस भेजकर गिरफ्तार किया जा रहा है।
देवेंद्र यादव ने कहा यह कार्रवाई पूरी तरह सरकार के दबाव में हो रही है, जो छत्तीसगढ़ और विशेषकर दुर्ग जिले के लिए ठीक नहीं है। गाइडलाइन दरों में जो इजाफा हुआ है वह अनुचित है। इसे सरकार को वापस लेना चाहिए। बढ़ी हुई दरों के कारण युवा व्यवसायियों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है और प्रशासन की कड़ी कार्रवाई से उनका मनोबल टूट रहा है।
कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की तरफ से सरकार को लिखी गए पत्र का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल इतने सीनियर नेता है, अब उनको भी प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर अपनी बात मीडिया के सामने रखनी पड़ रही है।
रियल स्टेट कारोबारियों से मुलाकात के दौरान उनके परिवार वाले भी दुर्ग केंद्रीय जेल परिसर में मौजूद रहे। विधायक देवेंद्र यादव के साथ दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोर और अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।